पहले दिन 2,34,752 बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक
नंबर गेम- 3.97 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दवा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिले में रविवार से तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत 28 से 30 जून तक पांच वर्ष तक की आयु के करीब 3.97 लाख बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जाएगी। पहले दिन 2,34,752 बच्चों को खुराक पिलाई गई जोकि 59.31 फीसदी है। अभियान का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. लोकवीर सिंह ने नागरिक अस्पताल सेक्टर-10 और यूपीएचसी फिरोज गांधी कॉलोनी में बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया।
सिविल सर्जन डॉ. लोकवीर सिंह ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर पोलियो की खुराक पिलाना है। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों को पहले भी कई बार पोलियो की दवा दी जा चुकी है, उन्हें भी इस अभियान के दौरान दो बूंद अवश्य पिलाई जानी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग की टीमों से अभियान को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. जयप्रकाश ने बताया कि जिले में पांच वर्ष तक की आयु के 3 लाख 97 हजार 265 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 1613 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जिनमें 1175 चार सदस्यीय और 313 दो सदस्यीय बूथ शामिल हैं। इसके अलावा 155 मोबाइल और 50 ट्रांजिट टीमें बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, निर्माण स्थलों, झुग्गी-झोपड़ियों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए 5736 वैक्सीनेटर और 300 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। जिले के 501 उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों को विशेष रूप से चिन्हित कर सघन निगरानी और विशेष अभियान चलाया जाएगा। जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो रोधी खुराक देंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके।
150 बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक
बादशाहपुर। सेक्टर-69 स्थित ट्यूलिप येलो एवं ट्यूलिप वायलेट क्लब में 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए पल्स पोलियो टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान दोनों सोसाइटियों के लगभग 150 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। प्रशिक्षित पोलियो वैक्सीनेटर रेखा यादव ने बताया कि अल्प सूचना के बावजूद लोगों की सक्रिय भागीदारी सराहनीय रही। उन्होंने सभी अभिभावकों एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। संवाद
-
पोलियो की खुराक अवश्य दिलाने की अपील
गुरुग्राम। मेयर राजरानी मल्होत्रा ने रविवार को भीम नगर स्थित कैंप कार्यालय से पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की। मेयर ने अभिभावकों से सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाने की अपील की। मेयर ने कहा कि भारत ने वर्षों के सामूहिक प्रयासों से पोलियो मुक्त देश का गौरव प्राप्त किया है। इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। ब्यूरो