बादशाहपुर। एसपीआर रोड पर सड़क किनारे जमा मिट्टी, कूड़े के ढेर और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें परेशानी का सबब बन गई हैं। सड़क के किनारों पर लंबे समय से मिट्टी और निर्माण का मलबा जमा है, जिससे सड़क की चौड़ाई कम नजर आती है और जमा मिट्टी तेज हवा चलने पर उड़कर वातावरण में फैलती है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को धूल प्रदूषण का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, जगह-जगह पड़े कूड़े के ढेरों के कारण क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। इस दौरान मौके पर मौजूद बेगराज ने बताया कि कई स्थानों पर लावारिस पशु कूड़े में भोजन तलाशते हुए दिखाई देते हैं, जिससे सड़क पर हादसे का खतरा भी बना रहता है। वहीं, रात के समय सड़क पर स्ट्रीट लाइटों की कमी है। इसके कारण पूरे मार्ग पर अंधेरा छाया रहता है। ऐसे में वाहन चालकों को केवल गाड़ियों की हेडलाइट के सहारे ही रास्ता तय करना पड़ता है। ग्रामीण कृष्ण यादव का कहना है कि रात के समय राहगीरों का पैदल चलना बेहद मुश्किल हो जाता है। अंधेरे के कारण लोगों में असुरक्षा की भावना बनी रहती है। सड़क पर चल रहे अन्य लोगों का पता चल पाता है, जिससे वाहनों का दुर्घटनाग्रस्त होने का डर भी बना रहता है। संवाद