सर्व समाज, विहिप और बजरंग दल ने किया प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में पटौदी में सर्व समाज, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुरानी कोर्ट के पास एकत्र होकर शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान मारे गए पर्यटकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। इस दौरान एक मशाल जुलूस निकाला गया, जोकि नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय पहुंचा। वहां पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें आतंकवादियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शन में शामिल विश्व हिंदू परिषद गुरुग्राम के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह, मानेसर के जिलाध्यक्ष राजेंद्र यादव, पार्षद मुनफेद अली, जाहिद कुरैशी व अन्य नेताओं ने इस हमले को कायराना बताते हुए उनकी कड़ी निंदा की और कहा कि पत्थर का जवाब अब ईंट से दिया जाना चाहिए।