गुरुग्राम। हाईकोर्ट ने जहां बृहस्पतिवार को फीस के संबंध में अभिभावकों को राहत दी, वहीं गुरुग्राम के अभिभावक स्कूलों की मनमानी के खिलाफ प्रदर्शन करते नजर आए। शुक्रवार को कमला नेहरू पार्क में अभिभावक एकता मंच ने स्कूलों की फीस एवं विभिन्न मुद्दों से संबंधित मनमानी पर प्रदर्शन किया। इस दौरान अभिभावकों ने कहा कि स्कूलों को अपनी फीस और फंड की सूचना स्कूल के और जिला शिक्षा विभाग के सूचना पट्ट पर लिखनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि फीस से जुड़े सभी पहलुओं को स्कूल उजागर करें। पिछले काफी समय से आदेशों की अवहेलना कर हर बार अभिभावकों पर दबाव बनाया जा रहा है। अभिभावक एकता मंच के उपप्रधान चौधरी दीपचंद, सचिव आरके यादव ने बताया कि हाईकोर्ट को आदेशों के बाद मॉनिटरिंग करने की आवश्यकता है। पिछले आदेशों के बावजूद दबाव बनाकर ट्रांसपोर्ट फीस भी मांगी जा रही है। नौकरी छूटने या कोई भी व्यवसाय नहीं चलने की वजह से अभिभावक मुसीबत में हैं। अभिभावक धर्म किशन ने बताया कि कोरोना काल में उनके बच्चों पर परीक्षाएं रद्द करने से संबंधित दबाव बनाया गया। मुसीबत में फंसकर छात्रों की फीस जमा करते रहे हैं। स्कूलों को उनकी फीस रिफंड करनी चाहिए। प्रदर्शन के बाद अभिभावकों ने उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा।
ये रखी मांगें
ज्ञापन में अभिभावकों ने ऑनलाइन कक्षाओं के लिए आधी ट्यूशन फीस की मांग रखी। सभी स्कूलों में फीस और फंड की कमेटी बनाने, वर्दी और किताबों के लिए अभिभावकों को स्वतंत्रता देने, सभी स्कूलों की फीस एवं फंड संबंधी ऑडिट प्रतिवर्ष करने की मांग रखी। 134ए के तहत दाखिले करवाए जाएं।