गुरुग्राम। गांव बोहड़ा खुर्द में एकतरफा प्यार में ताइक्वांडो खिलाड़ी सरिता की हत्या करने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-40 ने आरोपी कोच को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान झज्जर के गांव बामडोला निवासी सोमवीर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपी पुलिस से बचने के लिए दौसा में चूहे मारने की दवा बेच रहा था। यहां रहते हुए उसने पिछले सप्ताह बिलासपुर में एक दुकानदार को फोन कर 50 लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी थी। पुलिस ने रंगदारी मांगने में शामिल आरोपी के एक अन्य साथी जितेंद्र को भी गिरफ्तार किया है। ताइक्वांडो खिलाड़ी की हत्या 12 नवंबर, 2019 को की गई थी। आरोपियों को बृहस्पतिवार को अदालत में पेश किया गया। जितेंद्र को जेल भेज दिया गया, जबकि सोमवीर को पुलिस ने रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद किया जाएगा।
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध-1) प्रीतपाल ने बताया कि आरोपी सोमवीर बोहड़ा खुर्द निवासी सरिता को ताइक्वांडो सिखाता था। इस दौरान उसने कई बार उससे छेड़छाड़ भी की। मारपीट करने व छेड़छाड़ करने का मुकदमा भी सरिता ने उसके खिलाफ पहले दर्ज कराया था। आरोपी सोमवीर सरिता से शादी करना चाहता था, लेकिन सरिता के परिजनों ने शादी से मना कर दिया था। 12 नवंबर, 2019 को सोमवीर सरिता के घर गया, जहां उसे गोली मार दी और फरार हो गया। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। पुलिस से बचने के लिए वह राजस्थान के दौसा पहुंचा। यहां वह चूहे मारने की दवा बेचने लगा।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर कापड़ीवास में एक व्यक्ति से मोबाइल भी छीना था। इस मोबाइल से 26 सितंबर को बिलासपुर के दुकानदार को फोन कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी सोमवीर व उसके साथी जितेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोप से वारदात में प्रयुक्त सिमकार्ड भी बरामद कर लिया।
एसीपी ने बताया कि सरिता द्वारा पहले दर्ज कराए गए छेड़छाड़ व मारपीट के मामले में आरोपी सोमवीर जमानत पर रिहा है। आरोपी से पूछताछ कर वारदात में प्रयुक्त हथियार का पता लगाया जा रहा है।