हर माह करोड़ों रुपयों की कमाई लूट रहे साइबर ठग
मामलों में शिकायत देरी से होने के कारण फ्रीज नहीं हो पाती राशि
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर ठग लोगों को निवेश में अच्छा मुनाफा कमाने का झांसा देकर ठग रहे हैं। साइबर सिटी में ठग हर माह लोगों की करोड़ों रुपये की मेहनत की कमाई लूट रहे हैं। लोग भी अच्छा मुनाफा कमाने के लालच में ठगों के बताए गए बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर कर देते हैं।
अपने साथ ठगी होने के बाद भी कई दिनों तक पुलिस को सूचना नहीं देते। जनवरी से मार्च तक जिले के चार साइबर थानों में करीब 300 साइबर ठगी के केस दर्ज हुए हैं। मामलों में शिकायत देरी से होने के कारण ठगी गई राशि भी पुलिस द्वारा फ्रीज नहीं कराई जाती क्योंकि साइबर ठगों द्वारा उक्त राशि को अन्य खातों में ट्रांसफर कर लिया जाता या निकाल लिया जाता है। इसके बाद पुलिस को भी साइबर ठगों तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। कई मामलों में गिरफ्तार साइबर ठगों के पास से ठगी गई राशि भी बरामद नहीं हो पाती।
साइबर ठगों द्वारा व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स, टेलीग्राम सहित सोशल मीडिया की अन्य साइटाें पर विज्ञापन डाले जाते हैं। इन विज्ञापनों में स्टॉक मार्केट व शेयर मार्केट में अच्छा मुनाफा कमाने के बारे में बताया जाता है। इसके बाद लोगों को व्हाट्सएप या टेलीग्राम पर बने ग्रुप में जोड़ दिया जाता है। ग्रुप में शामिल लाेगों द्वारा निवेश करके अच्छा मुनाफा कमाए जाने की बात कही जाती है, जिससे लोग कम समय में रुपये कमाने के लालच में आकर साइबर ठगों द्वारा बताए खातों में रुपये ट्रांसफर कर दिए जाते हैं।
इन लोगों से की गई ठगी
- पीड़ित सुंदर सिंह ने फरवरी में साइबर थाना दक्षिण को शिकायत दी कि निवेश के नाम पर 24 लाख रुपये ठगे गए हैं।
- पीड़ित प्रदीप कुमार से निवेश के नाम पर 5 फरवरी से 9 फरवरी तक 7.14 लाख रुपये की ठगी की।
- पीड़िता हिमांगी से शेयर बाजार में निवेश करके मुनाफा कमाने के नाम पर 16.95 लाख रुपये ठगे।
- पीड़ित हरगोविंद से शेयर मार्केट के नाम पर दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 तक 32.20 लाख रुपये की ठगी की गई।
- पीड़ित ओमबीर से अक्तूबर-नवंबर 2025 के दौरान साइबर ठगों ने मुनाफा कमाने के नाम पर 3.92 लाख रुपये ठगे।
- पीड़ित अरबिंदा रॉय से शेयर मार्केट में मुनाफा के नाम पर दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 तक 23.93 लाख रुपये ठगे।
- पीड़ित युद्धवीर अहलावत से शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर सितंबर-अक्तूबर 2025 में करीब 50 लाख रुपये ठगे।
- पीड़ित राहुल माणिक से सितंबर 2025 में शेयर मार्केट में निवेश कराने के नाम पर 47 लाख रुपये की ठगी।
- पीड़ित तरुण कुमार से अप्रैल 2025 में निवेश करके अच्छा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 6.61 लाख रुपये ठगे।
20 फीसदी राशि भी नहीं हो पाती रिकवर
साइबर पुलिस द्वारा जब विभिन्न मामलों में संलिप्त ठगों को गिरफ्तार किया जाता है तो उनके पास से 20 फीसदी राशि भी रिकवर नहीं हो पाती। जब तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करती है, तब तक वे रुपयों को खर्च कर चुके होते हैं या वे रुपये आपस में बंट चुके होते हैं। वहीं, जब कोई पीड़ित साइबर ठगी होने के तुरंत बाद पुलिस को शिकायत देता है तो साइबर पुलिस द्वारा संबंधित बैंक खातों को फ्रीज करवा दिया जाता है, जिससे पूरी राशि मिलने की उम्मीद होती है।
वर्जन
साइबर ठगों द्वारा लोगों को कम समय में अच्छा मुनाफा कमाने का लालच देकर ठगा जा रहा है। पीड़ितों की ओर से शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जाती है। कई पीड़ितों से ट्रांसफर कराए गए रुपयों को फ्रीज भी कराया गया और रुपये वापस भी दिलाए गए हैं। लोगों को भी जागरूक होना होगा।
-प्रियांशु दीवान, एसीपी साइबर अपराध, गुरुग्राम