अगले सप्ताह जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की होगी संयुक्त बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सुल्तानपुर नेशनल पार्क के आसपास चिन्हित किए गए 185 अवैध अतिक्रमण और निर्माणों के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। इस संबंध में आगामी सप्ताह जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें अवैध निर्माणों को हटाने और ध्वस्त करने की कार्ययोजना पर चर्चा होगी।
बैठक में उपायुक्त (डीसी), मंडलायुक्त, वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, डीटीपी विभाग के प्रतिनिधि और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में पार्क के इको-सेंसिटिव क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माणों की स्थिति की समीक्षा की जाएगी और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई को अंतिम रूप दिया जाएगा।
अतिक्रमण की लोकेशन रिपोर्ट कमेटी को भेजी
सुल्तानपुर नेशनल पार्क के आसपास चिन्हित अतिक्रमणों की लोकेशन और फोटो सहित विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला मॉनिटरिंग कमेटी को भेज दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, कई अतिक्रमण ऐसे मिले हैं जिनके मालिकों की पहचान नहीं हो सकी है। ऐसे सभी निर्माणों को अलग से चिन्हित किया गया है। अब कमेटी के निर्णय के बाद तय होगा कि संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए जाएंगे या सीधे ध्वस्तीकरण किया जाएगा इस बात पर फैसला होना है। वन्यजीव संरक्षण अधिकारी राज जांगड़ा का कहना है कि सुल्तानपुर नेशनल पार्क के आसपास बनी 185 अवैध तीन से चार मंजिला इमारतों को गिराने की तैयारी शुरू हो गई है। इस संबंध में आगामी सप्ताह जिला मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक होगी, जिसमें कार्रवाई की रूपरेखा और समयसीमा तय कर संबंधित विभागों के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा।