ढाई इंच से बढ़कर चार इंच हुआ बिल्डिंग का झुकाव, आपदा प्रबंधन विभाग ने असुरक्षित घोषित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सुशांत लोक-1 के सी-ब्लॉक में एक निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत का झुकाव लगातार बढ़ रहा है। आपदा प्रबंधन विभाग ने इसे असुरक्षित घोषित कर दिया है। जिला नगर योजनाकार ने शुक्रवार को साथ लगते प्लॉट के मालिक को इमारत को सहारा देने के लिए राफ्ट डालने के निर्देश दिए हैं।
इमारत का झुकाव पहले ढाई इंच था, जो अब बढ़कर चार इंच हो गया है। इस लगातार बढ़ोतरी के कारण आसपास की इमारतों की सुरक्षा पर चिंता बढ़ गई है। प्रशासन और तकनीकी टीम इमारत की मौजूदा स्थिति का आकलन कर रही है। मकान मालिक संदीप सिंगला ने बताया कि साथ लगते प्लॉट में आठ फीट गहरी खुदाई की गई थी। यह खुदाई सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए बिना की गई थी। इसके बाद उनकी इमारत एक तरफ झुकने लगी और दीवारों में बड़ी दरारें आ गईं। साथ लगते प्लॉट के मालिक अंशुल गोगिया ने राफ्ट डालने के लिए मंजूरी मिलने की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि इमारत को सहारा देने के लिए राफ्ट का काम जल्द शुरू किया जाएगा। इमारत को सुरक्षित तरीके से तोड़ने की जरूरत और तकनीकी पहलुओं का भी आकलन हो रहा है। निरीक्षण के आधार पर इसे तोड़ने के संबंध में जल्द निर्णय लिया जाएगा।
आपदा प्रबंधन और स्ट्रक्चर इंजीनियरिंग टीम के निरीक्षण में झुकाव में वृद्धि सामने आई। इस बढ़ोतरी के कारण आपदा प्रबंधन विभाग ने इमारत को असुरक्षित घोषित किया है। आसपास के क्षेत्र में किसी भी खतरे को टालने के लिए राफ्ट डालने का काम प्राथमिकता पर है। जिला नगर योजनाकार प्रवीण कुमार ने साथ लगते प्लॉट के मालिक को जल्द से जल्द राफ्ट डालने के निर्देश दिए हैं। प्रवीण कुमार ने कहा, इमारत के झुकाव और आसपास की इमारतों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह काम प्राथमिकता से कराने को कहा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि इमारत को तोड़ने के संबंध में तकनीकी आकलन के आधार पर फैसला लिया जाएगा। सुरक्षा के जरूरी इंतजामों के साथ काम जल्द शुरू करना होगा।