प्रमुख चोक-चौराहों को हरियाली से नया रूप देगा जीएमडीए, 15 जून तक पूरा होगा सौंदर्यीकरण कार्य
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जीएमडीए की ओर से शहर के प्रमुख और व्यस्त चौराहों को हरियाली और लैंडस्केपिंग के जरिये नया स्वरूप दिया जा रहा है। इसके तहत महावीर चौक, राजीव चौक, अतुल कटारिया चौक, झाड़सा चौक और कन्हई चौक पर बड़े स्तर पर सौंदर्यीकरण एवं हरित विकास कार्य जारी हैं। इसका उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों की सुंदरता बढ़ाना, हरित क्षेत्र बढ़ाना और वायु प्रदूषण एवं शहरी ताप प्रभाव को कम करना है।
जीएमडीए का उद्देश्य इन सार्वजनिक स्थलों को अधिक आकर्षक, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाना है। शहर के इन व्यस्त यातायात जंक्शनों पर दिनभर भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। इससे वायु प्रदूषण, बढ़ते तापमान और शहरी ताप प्रभाव जैसी समस्याएं बढ़ती हैं। इन्हें कम करने के लिए पौधरोपण, हरित पट्टियों का विकास और लैंडस्केपिंग कार्य किए जा रहे हैं। इसके तहत मिट्टी वाले क्षेत्रों को हरित क्षेत्रों में बदला जा रहा है। फुटपाथों की रंगाई, हरित पट्टियों की फेंसिंग और अतिक्रमण रोकने के लिए सुरक्षा कार्य भी किए जा रहे हैं। राजीव चौक पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण और ग्रीन आइलैंड्स की फेंसिंग की जा रही है, जबकि अतुल कटारिया चौक पर पिलर सौंदर्यीकरण और लैंडस्केपिंग कार्य जारी हैं। महावीर चौक पर जीएमडीए मियावाकी फॉरेस्ट विकसित करने की तैयारी कर रहा है, जिससे क्षेत्र में घना शहरी वन तैयार होगा और हरित आवरण को मजबूती मिलेगी। वहीं, झाड़सा चौक और कन्हई चौक पर भी हरियाली बढ़ाने और दृश्य सौंदर्य सुधारने के लिए विभिन्न कार्य प्रगति पर हैं। जीएमडीए ने इन सभी परियोजनाओं को 15 जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
ग्रीन ड्रेन पर जोर
जीएमडीए शहर की लगभग 45 किलोमीटर लंबी सड़क नेटवर्क के किनारे स्थित ग्रीन बेल्ट को भी विकसित कर रहा है। यहां से मलबा और अतिरिक्त मिट्टी हटाकर क्षेत्रों को ‘ग्रीन ड्रेन’ के रूप में तैयार किया जा रहा है, ताकि मानसून के दौरान वर्षा जल निकासी बेहतर हो सके और जलभराव की समस्या कम की जा सके।
-
प्राधिकरण गुरुग्राम को अधिक हरित, स्वच्छ और सतत शहर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। पांच प्रमुख चौकों का सौंदर्यीकरण कर उनकी सुंदरता बढ़ाने, हरित क्षेत्र का विस्तार करने तथा वायु प्रदूषण एवं शहरी ताप प्रभाव को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। - अमित गोदारा, कार्यकारी अभियंता, जीएमडीए