बिना वैध कागजात के रह रहे बांग्लादेशी घुसपैठियों को किया जाएगा डिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिले में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों के विरुद्ध गुरुग्राम पुलिस विशेष चेकिंग अभियान चलाने जा रही है। इस दौरान गुरुग्राम में अवैध रूप से रहते पाये जाने वाले बांग्लादेश के नागरिकों को डिपोर्ट किया जाएगा।
इसके लिए गुरुग्राम पुलिस की संबंधित थाना टीमें, अपराध शाखा की टीमें और विशेष रूप से गठित टीमों द्वारा गुरुग्राम में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पुलिस टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों जैसे झुग्गी-झोपड़ियों, कॉलोनियों, होटलों में विशेष रूप से चेकिंग की जाएगी।
गुरुग्राम पुलिस की ओर से शहर के सभी लोगों से अपील की गई है कि अवैध रूप से रह रहे किसी बांग्लादेशी/विदेशी नागरिक की अगर आपको सूचना मिलती है तो गुरुग्राम पुलिस को सूचित करें। अपने यहां रहने वाले किरायेदार, काम करने वाले लोगों, होटल में काम करने वाले कामगारों का पुलिस वेरिफिकेशन अवश्य करवाएं, ताकि आपके व समाज में कोई आपराधिक गतिविधि घटित न हो। यदि आपके आसपास कोई भी संदिग्ध व्यक्ति रहता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को 112 नंबर पर फोन करके या अपने नजदीकी पुलिस थाना में अवश्य दें।
निवासियों व आरडब्ल्यूए से सहयोग की अपील
गुरुग्राम पुलिस ने सभी नागरिकों से और आरडब्ल्यूए से इस चेकिंग अभियान में पूर्ण सहयोग करने की अपील की है। इस दौरान गुरुग्राम पुलिस द्वारा आमजन की सुविधा का पूर्ण ध्यान रखा जाएगा। अभियान से किसी नागरिक को किन्ही कारणों से असुविधा हो सकती है परंतु राष्ट्र सुरक्षा और हित किसी भी निजी सुविधा से सर्वोपरि है।