आरोपी के परिजनों ने बताया कि पुलिस तारीफ को लेकर उसके घर आई और सीधे उसे उसके कमरे में ले जाया गया, जहां उसकी मौजूदगी में गहन तलाशी ली गई। इस दौरान घर के अन्य सदस्यों को कमरे से दूर कर दिया गया। तारीफ की पत्नी और बच्चे उसे देखकर रोने लगे और परिवार के अन्य लोग भी भावुक हो गए। उन्होंने तारीफ से बात करने की कई बार कोशिश की, लेकिन पुलिस ने किसी को मिलने की अनुमति नहीं दी।
ग्रामीण सूत्रों के मुताबिक, तलाशी के दौरान पुलिस को सिर्फ पासपोर्ट की छाया प्रति और कुछ दस्तावेज ही हाथ लगे हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। परिजनों का कहना है कि तारीफ का मूल पासपोर्ट चार महीने पहले ही पाक दूतावास में जमा करवा दिया गया था, जो अब तक वहीं है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसियां हर एंगल से पड़ताल कर रहीं, आरोपी रिमांड पर है और यह कार्रवाई जांच प्रक्रिया का हिस्सा है।
आरोपी को सात दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जिसमें से अभी पांच दिन शेष हैं। इस दौरान उसे अन्य संदिग्ध स्थानों पर भी ले जाया जाएगा और सभी संभावित पहलुओं की गहराई से जांच की जाएगी। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि तारीफ के पाक खुफिया एजेंसी से किस प्रकार के संपर्क थे और क्या किसी अन्य स्थानीय व्यक्ति की भी इसमें कोई भूमिका रही है।