चार आरोपी जयपुर पुलिस के रिमांड पर
सदर थाना पुलिस ने किडनी प्रत्यारोपण के मामले में जिन पांच बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया था, उसके में एक युवक की हालत गंभीर है। उसकी दोनों किडनी फेल हैं। वह सफदरजंग अस्पताल में उपचाराधीन हैं। माडर्न जेल भोंडसी में बंद चार अन्य बांग्लादेश के नागरिकों को जयपुर की पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड पर लिया है। उनको बुधवार को जयपुर की अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। जयपुर पुलिस यह जानने में जुटी है कि वह बांग्लादेश से जयपुर तक कैसे पहुंचे थे। उनके उपचार कराने के बीच में कौन-कौन सी कड़ी है। उनकी ओर से कितने पैसे कब किसे दिए गए हैं।
जयपुर जेल गए आरोपियों को आज ट्रांजिट रिमांड पर लेगी पुलिस
एंटी करप्शन ब्यूरो की ओर जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, उनको जयपुर पुलिस शुक्रवार को पूछताछ के लिए ट्रांजिट रिमांड पर लेगी। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करेगी। एसीबी ने फर्जी एनओसी जारी करने वाले गौरव सिंह, फोर्टिस जयपुर के समन्वयक विनोद सिंह, गिरराज शर्मा और एक अन्य अस्पताल के समन्वयक अनिल जोशी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
पासपोर्ट विभाग से जानकारी मिली है कि मुर्तुजा अंसारी के आधार कार्ड और जन्म तिथि के आधार पर कोई पासपोर्ट नहीं बना है। इस बारे में पासपोर्ट कार्यालय की ओर से पत्र आ चुका है। - कपिल अहलावत, एसीपी सदर, गुरुग्राम