साइबर ठगों पर 157.90 करोड़ रुपयों की ठगी करने की 14633 शिकायतें दर्ज
अमर उजाला ब्यूराे
गुरुग्राम। साइबर अपराध थानों की पुलिस टीमों ने अक्तूबर 2024 से फरवरी 2025 तक साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों से 17 मोबाइल, तीन सिम कार्ड व दो डेबिट कार्ड बरामद किए हैं। मोबाइल व सिम कार्ड का इंडियन साइबर क्राइम कोर्डिनेशन सेंटर से जांच करने पर पता चला कि आरोपियों के खिलाफ देशभर में लगभग 157.90 करोड़ रुपयाें की ठगी करने के संबंध में कुल 14633 शिकायतें और 611 मामले दर्ज हैं। सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर क्राइम) प्रियांशु दीवान ने बताया कि इन मामलों में से 28 मामले हरियाणा के अलग-अलग जिलों में दर्ज हैं। गुरुग्राम के थाना साइबर अपराध पूर्व में चार मामले अभियोग, थाना साइबर अपराध दक्षिण में एक मामला और थाना साइबर अपराध मानेसर में एक मामला दर्ज है। पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी इंस्टाग्राम पर फेक आईडी बनाकर लोगों से धोखाधाड़ी करके, निवेश के नाम पर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, केवाईसी से संबंधित फ्रॉड और टास्क बेस्ड फ्राॅड से ठगी की वारदातों को अंजाम देते हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त प्रियांशु दीवान ने बताया कि आरोपी शशांक पूनिया, पुष्पेंद्र सिंह, अंकित, कामरान अहमद, श्रवण कुमार, चांद शाह, दीपांशु, विशाल, अजय कुमार, ज्योति, कपिल हुड्डा, विकास उर्फ सुरेश मदन सिंह, तरुण राठी, यशवर्धन सिंह, रोहित सिकरवार, गौरव, मंटू कुमार, पुष्पेंद्र कुमार, बबलू, रामेंद्र कुमार व सूरज को साइबर अपराध थाना पूर्व की पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्षा ठाकुर को साइबर अपराध थाना मानेसर की पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी विनोद कुमार, पिंदर कौर व सुखप्रीत कौर को साइबर अपराध थाना दक्षिण की पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है।