सीजेएम ने जेल निरीक्षण के बाद कुल 17 मामलों की सुनवाई के दौरान दिए निपटारा करने के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी रमेश चंद्र ने भोंडसी स्थित जिला कारागार का निरीक्षण कर लोक अदालत में बंदियों के मामलों व शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान सीजेएम ने तीन मामलों का निपटारा करने के आदेश दिए।
सीजेएम रमेश चंद्र ने सोमवार को भोंडसी जिला कारागार का निरीक्षण किया। उन्होंने जेल में रह रहे पुरुष व महिला बंदियों के साथ बातचीत की और उनसे उनकी समस्याओं के बारे में पूछा। निरीक्षण के बाद सीजेएम की अध्यक्षता में जेल परिसर में लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में 17 मामलों की सुनवाई की गई, जो लोग छोटे जुर्म के मामलों में पिछले कई दिनों से जेल में बंद थे और जिनकी सजा की अवधि पूरी हो चुकी थी, ऐसे तीन व्यक्तियों को जुर्म का इकबाल व भविष्य में सभ्य व्यवहार की स्वीकारोक्ति के बाद सीजेएम ने ऐसे बंदियों के मामले का निपटारा करने के आदेश दिए।