गुरुग्राम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ‘मन की बात’ कार्यक्रम में जिले की प्रीति चतुर्वेदी ने बताया कि उन्होंने किस तरह से कोरोना को हराया। संक्रमण के दौरान क्या-क्या सतर्कता बरती। स्वस्थ होने के बाद वह खुद तथा परिवार के सभी सदस्य क्या-क्या अब सावधानियां बरत रहे हैं। उन्होंने कहा कि फिर से कोरोना संक्रमण न हो, इसलिए निरंतर योग कर रही हूं। पौष्टिक एवं प्रोटीन युक्त खाना खाते हैं। साथ ही नियमित रूप से काढ़े का सेवन भी कर रही हूं।
प्रीति ने पीएम मोदी को बताया कि शुरुआत में शरीर में थकान थी। हल्का बुखार और खासी की शिकायत हुई तो टेस्ट कराया। जिसकी रिपोर्ट का इंतजार किए बिना सतर्कता बरतनी शुरू कर दी थी। रिपोर्ट आते ही अलग से कमरे में क्वारंटीन हुई। खाने पीने का सामान कमरे में रखवा लिया था। सभी से मिलना भी बंद कर दिया। परिवार के सभी सदस्यों का टेस्ट भी कराया गया लेकिन उनकी रिपोर्ट निगेटिव रही। अब परिवार के सभी सदस्य स्वस्थ और सुरक्षित हैं।