- गांव वजीराबाद में 88 करोड़ की लागत से बन रहा राव बिरेन्द्र सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
- निगमायुक्त निर्माणाधीन साइट का किया दौरा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम की ओर से गांव वजीराबाद में राव बिरेन्द्र सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है। बुधवार को निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने निर्माणाधीन साइट का दौरा किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों से कार्य की जानकारी ली। निर्माण कार्य जुलाई 2026 में पूरा करने की समय सीमा तय है।
नगर निगम के चीफ इंजीनियर विजय ढ़ाका ने बताया कि लगभग 11.07 एकड़ में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है, जिस पर करीब 88 करोड़ रुपये की लागत आएगी। कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसमें तीन मल्टीपर्पज हॉल और कैंटीन का निर्माण कार्य किया जा रहा है।
स्पोर्टस कॉम्पलेक्स में कबड्डी, शूटिंग रेंज, जूडो, बॉक्सिंग, जिमनास्टिक, वेट लिफ्टिंग, टेबल टेनिस, बास्केट बॉल, बैडमिंटन कोर्ट, लॉन टेनिस, क्रिकेट, वॉलीवॉल, वॉकिंग ट्रैक, साइकिल ट्रैक, स्केटिंग रिंग, योगा कोर्ट, किड्स प्ले एरिया, ओपन एयर थिएटर समेत अन्य सुविधाएं रहेंगी। इसके अलावा, 100 कार व 75 दुपहिया वाहनों की पार्किंग भी रहेगी। स्पोर्टस कॉम्पलेक्स में 14 ईवी चार्जिंग स्टेशन भी होंगे। इसका निर्माण कार्य जुलाई 2026 में पूरा करने की समय सीमा निर्धारित की गई है।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में ही पूरा होना चाहिए और इसमें गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स गुरुग्राम के युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए विश्व स्तरीय मंच उपलब्ध कराएगा और शहर के खेल बुनियादी ढांचे को नई पहचान देगा। इस दौरान अतिरिक्त निगमायुक्त रविन्द्र यादव, पार्षद सोनिया यादव संयुक्त आयुक्त रविन्द्र मलिक, कार्यकारी अभियंता संदीप सिहाग, सहायक अभियंता सुमित कुमार व कुलदीप यादव तथा वरिष्ठ सफाई निरीक्षक देवेंद्र बिश्नोई मौजूद रहे।