जिले से 60 एथलीट कुरुक्षेत्र में होने वाली प्रतियोगिता में लेंगे हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के 60 खिलाड़ी बृहस्पतिवार को कुरुक्षेत्र के द्रोणाचार्य स्टेडियम रवाना हो गए, जहां 30 व 31 मई को 16वीं हरियाणा राज्य सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में पुरुष व महिला दोनों वर्गों के तेज-तर्रार धावक खिलाड़ी भाग लेंगे, जिनका लक्ष्य राज्य स्तरीय पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए पहचान बनाना है।
प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, लंबे कूद, ऊंचा कूद, भाला फेंक, डिस्कस व हैमर थ्रो जैसे इवेंट शामिल हैं। जिला टीम के कोच पवन ने कहा कि चयन ट्रायल और प्रशिक्षण के आधार पर तय किए गए थे और टीम पूरी तरह तैयार है। जिला एथलीट संघ के महासचिव अर्जुन ने बताया कि हमारे खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत की है और उनका मनोबल ऊंचा है। कुल 60 खिलाड़ियों का दल भेजना हमारे जिले की एथलेटिक क्षमता का प्रमाण है।
प्रशिक्षकों व सरकारी सुविधाओं का साथ मिला तो हम कई पदक की उम्मीद रखते हैं। खिलाड़ियों से मेरी यही अपील है कि वे अनुशासन बनाए रखें और हर इवेंट में अनुशासन, खेल भावना व सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दें। उन्होंने आगे बताया कि एथलीटों को यात्रा व प्रतियोगिता के दौरान आवश्यक सुविधाएं और कोचिंग स्टाफ उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने जिला खेल विभाग व निजी समर्थकों का भी धन्यवाद करते हुए कहा कि भविष्य में और अधिक युवा प्रतिभाओं को प्रशिक्षण व प्रतियोगिताओं में भेजा जाएगा ताकि जिले का नाम राष्ट्रीय मानचित्र पर और मजबूती से उभर सके।