सेक्टर-102 स्थित बीपीटीपी एमस्टोरिया सोसाइटी का मामना, लोगों की बढ़ीं चिंता
29 जून को ए-ब्लॉक के एक फ्लैट का छज्जा गिरने से सात वर्षीय बच्चे के सिर में लगी थी चोट
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यू गुरुग्राम। सेक्टर-102 स्थित बीपीटीपी एमस्टोरिया सोसाइटी में एक बार फिर प्लास्टर गिरने का मामला सामने आया है। इससे पहले कई बार प्लास्टर गिरने के मामले भी सामने आ चुके हैं। इससे सोसाइटी में रहने वाले लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं। सोसाइटी के ए-ब्लॉक में मकान नंबर 97 की पहली मंजिल से प्लास्टर गिरने का मामला सामने आया है। प्लास्टर गिरने के बढ़ते मामले से निवासियों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
लोगों का कहना है कि इमारत की गुणवत्ता और रखरखाव की नियमित जांच कराई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी दुर्घटना से बचा जा सके। लोगों का आरोप है कि बिल्डर ने इमारत निर्माण के समय घटिया गुणवत्ता की सामग्री का इस्तेमाल किया है। इस कारण बार-बार सोसाइटी में प्लास्टर झड़ने और गिरने का मामला सामने आ रहा है। निवासियों ने कई बार इस बारे में बिल्डर और प्रशासन को शिकायत दी है। इतना ही नहीं डीटीपीई के आदेश के बाद भी अभी तक यहां कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
-
पहले भी सामने आ चुके हैं मामले
निवासियों के अनुसार, 29 जून से पहले भी सोसाइटी के डी-ब्लॉक में एक बालकनी के छज्जे का प्लास्टर गिरा था। उस समय भी लोगों ने निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। वहीं, इसी दिन ए-ब्लॉक के एक फ्लैट का छज्जा गिरने से सात वर्षीय बच्चे के सिर में भी चोट लग गई थी। इस समय भी निवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताई थी।
लोग बोले- डर और नाराजगी दोनों बढ़ी
सोसाइटी में बार-बार प्लास्टर गिरने के मामले सामने आ रहे हैं। इससे हर समय हादसे का डर बना रहता है। बिल्डर और संबंधित विभाग को जल्द स्थायी समाधान करना चाहिए। - प्रकाश नारंग, निवासी
मेंटेनेंस देने के बाद भी हमें बुनियादी सुविधा नहीं मिल पा रही है। यहां पर बार-बार प्लास्टर गिरने से लोग परेशान हैं। - रामबीर सिंह, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष, बीपीटीपी एमस्टोरिया
बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा सबसे बड़ी चिंता है। पहले भी बच्चे के सिर में चोट जैसा हादसा हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। -कृष्ण कुमार चावला, निवासी
इमारत के निर्माण सामग्री गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कई बार बिल्डर और प्रशासन को शिकायत करने बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। -अमित राणा, निवासी
लगातार प्लास्टर गिरने की घटनाओं से लोगों में डर और नाराजगी दोनों बढ़ी रही हैं। सोसाइटी का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराना चाहिए। -सोमवीर सिंह, जनरल सेक्रेटरी