- नरसिंहपुर क्षेत्र में जलभराव से राहत के लिए जीएमडीए शुरू करेगा नई परियोजना
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर में जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) जल्द ही एनएच-48 पर ट्रेंचलेस तकनीक से पाइप पुलिया बिछाने का कार्य शुरू करेगा। यह परियोजना सनबीम कंपनी के सामने नरसिंहपुर क्षेत्र में ड्रेनेज सिस्टम को स्टॉर्म वॉटर ड्रेन से जोड़ने के लिए शुरू की जा रही है। परियोजना के तहत दिल्ली-जयपुर हाईवे को बिना नुकसान पहुंचाए भूमिगत पाइपलाइन डाली जाएगी। इसके लिए ट्रेंचलेस तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे सड़क की खुदाई नहीं करनी पड़ेगी और यातायात भी प्रभावित नहीं होगा। इस कार्य पर करीब 2.83 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
हीरो होंडा चौक से नरसिंहपुर तक सर्विस रोड पर हर बारिश में जलभराव की गंभीर समस्या बनी रहती है। कई बार पानी मुख्य हाईवे तक पहुंच जाता है, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग जाता है। इसी समस्या के समाधान के लिए जीएमडीए ने नई पुलिया बनाने का प्रस्ताव एनएचएआई को भेजा था। पहले मुख्य कैरिजवे पर ओपन पुलिया बनाने की योजना थी, लेकिन यातायात प्रभावित होने की आशंका के चलते एनएचएआई ने इसे मंजूरी नहीं दी। इसके बाद जीएमडीए ने ट्रेंचलेस तकनीक से पुलिया निर्माण का संशोधित प्रस्ताव तैयार किया, जिसे मंजूरी मिल चुकी है। अब निर्माण कार्य के लिए टेंडर भी जारी कर दिया गया है। जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता विक्रम सिंह ने बताया कि परियोजना को एक माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
पुरानी पुलिया बनी परेशानी-
हाईवे पर पहले से बनी तीन पुलिया पुरानी और धंसी हुई हैं, जिसके कारण बरसाती पानी की निकासी प्रभावित होती है। वहीं नियमित सफाई नहीं होने से भी जलभराव की स्थिति पैदा होती है। पिछले वर्ष जीएमडीए और एनएचएआई ने नरसिंहपुर पुलिया क्षेत्र में संयुक्त सफाई अभियान भी चलाया था। नई पुलिया बनने के बाद पानी निकासी व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है।