राजेंद्रा पार्क थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज
3 साल तक निजी एयरलाइंस में पायलट की नौकरी कर चुका है आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अपराध शाखा सेक्टर-39 की पुलिस ने सेक्टर-103 इलाके से पायलट को अवैध नशीले पदार्थ एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अरशद अली उर्फ अज्जू (33) के रूप में हुई है। वह एयर पायलट लाइसेंस धारक है।
पुलिस ने उसके कब्जे से 814 ग्राम एमडीएमए बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये है। आरोपी वर्तमान में किसी एयरलाइंस में कार्यरत नहीं है। अरशद अली मूलरूप से केरल के कोझिकोड जिले का निवासी है। वह वर्तमान में गुरुग्राम के दौलताबाद स्थित लैंडमार्क सोसाइटी में रहता है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना राजेंद्र पार्क में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पूछताछ में पता चला है कि अरशद अली एक निजी एयरलाइंस में पायलट के तौर पर काम करता था। हालांकि, वह अभी किसी एयरलाइंस कंपनी में नौकरी नहीं कर रहा है।
नोएडा से 5 लाख में खरीदा था एमडीएमए
पूछताछ में पता चला कि उसने यह अवैध मादक पदार्थ नोएडा से अपने एक साथी से पांच लाख रुपये में खरीदा था। एमडीएमए बिकने के बाद उसे बाकी रुपये देने थे। आरोपी ने बताया कि वह पहले खुद नशा करने के लिए यह पदार्थ लेता था। बाद में रुपये के लालच में आकर इसे बेचने लगा। पुलिस अब इस मामले में आगे की पूछताछ कर रही है। पूछताछ में अरशद अली ने कई अहम खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह पिछले तीन वर्ष से एक निजी एयरलाइंस में पायलट के रूप में कार्यरत था। हालांकि, वर्तमान में वह बेरोजगार है। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पहले खुद एमडीएमए का सेवन करता था। धीरे-धीरे वह रुपये कमाने के लालच में इसे बेचने के धंधे में उतर गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी को रिमांड पर लेकर पुलिस टीम पूछताछ कर रही है।