छह साल से पानी के संकट से जुझ रहे मारुति कुंज के लोगों ने बिल्डर के खिलाफ किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर। मारुति कुंज में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। मारुति कुंज फर्रुखनगर आरडब्ल्यूए के प्रधान बिजेंदर गुलिया उर्फ कालू निमाणा की अगुवाई में बड़ी संख्या में लोगों ने बिल्डर के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि बिल्डर के झूठे आश्वासन के कारण सड़क पर उतरने को मजबूर हुए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने बिल्डर सुरेंद्र यादव के कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप है कि पिछले छह वर्षों से कॉलोनी के निवासी स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। उनका कहना है कि बिल्डर की ओर से केवल आश्वासन दिए जाते रहे, जबकि जमीनी स्तर पर पानी की समस्या जस की तस बनी हुई है। निवासियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे कई बार मंत्री राव नरबीर सिंह के समक्ष भी अपनी मांग रख चुके हैं लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
आरडब्ल्यूए प्रधान बिजेन्दर गुलिया ने कहा कि कई बार लिखित और मौखिक रूप से बिल्डर के सामने समस्याएं उठाई गईं, लेकिन हर बार अनदेखी की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बिल्डर के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।