गुरुग्राम। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने शुक्रवार को लगातार दूसरी बार बजट पेश किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं लेकिन पिछले वर्ष के बजट में की गई घोषणाओं पर कोई खास प्रतिक्रिया नहीं दी। खासतौर पर 4 नए मेडिकल कॉलेज को लेकर सीएम की खामोशी से जिले के लोगों को खासी निराशा हुई है। लोगों का कहना है कि पिछले बजट में सीएम ने भिवानी, जींद महेंद्रगढ़ व गुुरुग्राम में 4 नए मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा की थी। इस पर सीएम ने अपने बजट भाषण में कोई चर्चा नहीं की। लोगों को उम्मीद थी कि बजट भाषण के दौरान मुख्यमंत्री इस पर चर्चा करेंगे और मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए धनराशि आवंटन करेंगे लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।
लोगों ने कहा
सीएम ने पिछले बजट में प्रदेश में चार नए मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा की थी। इसमें गुरुग्राम भी शामिल था। यह हमारे लिए बड़ी सौगात थी लेकिन इस पर कहां तक कार्य हुआ है, खुद सरकार को भी नहीं पता।
- राजकुमार सैनी, सामाजिक कार्यकर्ता
मेडिकल कॉलेज के खुलने से पूरे जिले के लोगों के लोगों को इलाज का एक प्रमुख केंद्र मिलता लेकिन दुर्भाग्यवश इस पर अब तक कोई खास काम नहीं हो पाया है। इस तरह की जनहितैषी योजनाओं व घोषणाओं को अमलीजामा पहनाने पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
- दिनेश वत्स, स्थानीय निवासी पटेल नगर