गुरुग्राम। राजीव चौक पर तीन कृषि कानून के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे किसानों ने कहा है जब तक यह कानून समाप्त नहीं होगा। तब तक आंदोलन जारी रहेगा। किसानों ने कहा कि इस आंदोलन को समर्थन बढ़ रहा है। किसानों के साथ-साथ मजदूर तथा सामाजिक संस्थाओं ने पूरी तरह से साथ देने का आह्वान किया है।
धरने पर बैठे किसान मोर्चा अध्यक्ष चौधरी संतोख सिंह, राव कमलबीर सिंह, आरएस राठी,गजे सिंह कबलाना तथा बीरू सरपंच ने संयुक्त बयान में कहा कि सरकार अहंकार में डूबी हुई है। आज देश में चल रहे इस आंदोलन को 107 दिन हो गए हैं। जबकि गुरुग्राम में अनिश्चित क़ालीन धरने को 75 दिन हो गए हैं । लेकिन सरकार किसानों की आवाज सुन नहीं रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 107 दिन से लाखों किसान दिल्ली के चारों तरफ सड़कों पर बैठे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार तीनों कानूनों के बारे में जनता को गुमराह कर रही है। सरकार ने चुनाव में वायदा किया था कि वह किसानों की आय को दो गुना कर देगी। लेकिन सरकार अपने वादे से मुकर रही है । सरकार बताए कि किसानों की आमदनी कहां से दो गुनी हो गई। जबकि किसानों को अपनी फसल का पूरी तरह से एमएसपी भी नहीं मिल रहा है।
आज धरने पर बैठने वालों में डाक्टर धर्मवीर राठी, योगेश्वर दहिया, जयप्रकाश रेहडू, अनिल पंवार, पवन नेहरा, नवनीत रोजखेडा, इंद्रजीत सिंह, विजय यादव, पंजाब सिंह, फूल कुमार, रमेश दलाल, मनोज झाड़सा और अरुण शर्मा आदि थे।