गुरुग्राम विश्वविद्यालय और भारत विकास परिषद के संयुक्त तत्वाधान में आयोजन
13 स्कूलों के 140 बच्चों ने हिंदी और संस्कृत में गाए देशभक्ति गीत
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जनमानस में देशप्रेम भावना को दृढ़ करने के उद्देश्य से गुरुग्राम विश्वविद्यालय (विवि) में रविवार को राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भारत विकास परिषद और विवि के संयुक्त तत्वाधान में यह प्रतियोगिता कराई गई। इस दौरान 13 स्कूलों के 140 बच्चों ने भाग लिया। देशभक्ति तरानों के साथ विवि में राष्ट्रप्रेम की भावना दिखी।
प्रतियोगिता में हिंदी, संस्कृत और लोकगीतों के जरिए देशप्रेम का संदेश दिया गया। देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत सुनकर दर्शक गर्व से भर गए। कार्यक्रम की शुरुआत वंदेमातरम गीत के साथ की गई। इस दौरान विवि के कुलपति प्रो. दिनेश कुमार बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहें। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव महेंद्र शर्मा ने बतौर अध्यक्ष शिरकत की। हिंदी और संस्कृत गीत में रोटरी पब्लिक स्कूल सेक्टर 22 विजेता रहा। दूसरे स्थान पर सुचेता मेमोरियल स्कूल रहा। तीसरे स्थान पर सीसीए स्कूल सेक्टर-4 ने बाजी मारी।
लोकगीत प्रतियोगिता में सुचेता मेमोरियल स्कूल विजेता बना। सीसीए स्कूल दूसरे और अरविंद गुरुकुल तीसरे स्थान पर रहा। विजेताओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। विवि के कुलपति प्रोफेसर दिनेश कुमार ने विजेताओं और प्रतिभागियों को ऐसे आयोजन में भाग लेने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना जागृत होगी। उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्र के लिए समर्पण की जरूरत है। इसके लिए खासतौर पर युवाओं को आगे आना होगा। क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव महेंद्र शर्मा ने बताया कि यह प्रतियोगिता पिछले तीस वर्षों से आयोजित की जा रही है। इस मौके पर रामकिशन गोयल, अनिल बंसल, ऋषि अग्रवाल, डॉ. राकेश योगी, डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. कार्तिकेयन समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहें।