24 अक्तूबर को स्कूलों में होने वाली पीटीएम में शिक्षक बताएंगे तरीके
निपुण पेरेंट एप से जुड़ेंगे अभिभावक, निपुण सांझी प्रतियोगिता भी होगी आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के प्राथमिक विद्यालयों में 24 अक्तूबर को निपुण हरियाणा मिशन के तहत विशेष अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) आयोजित की जाएगी। इसमें शिक्षक अभिभावकों को खेल-खेल में बच्चों को पढ़ाने का तरीका सिखाएंगे। साथ ही अभिभावकों के बच्चों की पढ़ाई पर पूरा ध्यान देने के लिए निपुण पेरेंट एप, क्यू कार्ड, तिथि भोजन, लाडो लक्ष्मी योजना जैसे अनेक कार्यक्रमों के बारे में शिक्षक अभिभावकों को बताएंगे। इससे अभिभावक को बच्चों की पढ़ाई की गुणवत्ता को देख पाएंगे। इस बारे में जिला शिक्षा विभाग ने पत्र जारी किया गया है। जारी पत्र में आदेश दिया गया है कि स्कूल प्रमुखों और शिक्षकों को पीटीएम के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें।
पीटीएम के दौरान शिक्षकों को अभिभावकों के मोबाइल में निपुण पेरेंट एप डाउनलोड करवाने और लॉगिन कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। एप की उपयोगिता समझाने के साथ इसके लर्न विद फन सेक्शन के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। इससे अभिभावकों को घर पर बच्चों की पढ़ाई में बारे में बताया जाएगा। इसके अलावा निपुण हरियाणा पेरेंट व्हाट्सएप चैनल से भी अभिभावकों को जोड़ा जाएगा, ताकि उन्हें बच्चों की पढ़ाई से बारे में नियमित अपडेट और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी मिल सके। इसके लिए स्कूलों में क्यूआर कोड भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
पीटीएम के साथ-साथ निपुण सांझी प्रतियोगिता का भी आयोजन
जिले के प्राथमिक विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) के साथ-साथ निपुण सांझी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को हरियाणवी पारंपरिक कला एवं संस्कृति से जोड़ना है। इसके साथ ही अभिभावकों की स्कूलों में भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा। इस प्रतियोगिता में कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थी अपनी मां या अभिभावक के साथ मिलकर सांझी बनाएंगे।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को सांझी बनाने के लिए गोबर, रंग, फूल-पत्तियां, मिट्टी के दीये, कुल्हड़, छोटी मटकी, कपड़ा और चार्ट पेपर सहित अन्य सामग्री का उपयोग किया जा सकेगा। प्रतियोगिता के लिए 45 मिनट से एक घंटे तक का समय निर्धारित किया गया है। इसमें सांझी की मौलिकता, पारंपरिक शैली, साफ-सफाई, पर्यावरण-अनुकूल सामग्री के इस्तेमाल के आधार पर अंक दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली जोड़ियों को ड्राइंग कॉपी, रंग, पेंसिल बॉक्स और पेंसिल जैसे उपहार दिए जाएंगे।
वर्जन-
स्कूलों में पीटीएम के जरिये निपुण पेरेंट एप, क्यू कार्ड, तिथि भोजन जैसे कार्यक्रम के बारे में अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा। वहीं निपुण सांझी प्रतियोगिता के द्वारा हरियाणवी संस्कृति के बारे में बताया जाएगा। -सुमिता रांगी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी