गुरुग्राम। शहर के निजी स्कूलों में फीस विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्कूल प्रबंधन की मनमानी के विरोध में किसी न किसी निजी स्कूल के बाहर अभिभावक नारेबाजी करते रहते हैं। शनिवार को शहर के सेक्टर-84 स्थित यूरो इंटरनेशनल स्कूल के गेट पर अभिभावकों ने प्रदर्शन किया और बढ़ाई गई फीस को वापस लेने की मांग की। अभिभावकों का कहना था कि स्कूल प्रबंधन ट्यूशन फीस के अलावा वार्षिक शुल्क व बढ़ी हुई फीस जमा कराने का दबाव बना रहा है और फीस जमा नहीं कराने पर प्रबंधन ने ऑनलाइन कक्षाओं में से उनके बच्चों की आईडी को ब्लॉक कर दिया है। ऐसे में उनके बच्चों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। अभिभावकों ने बताया कि ऑनलाइन पढ़ाई को लेकर वह ट्यूशन फीस देने के लिए तैयार हैं, लेकिन स्कूल प्रबंधन अपनी मनमानी करके अभिभावकों को फीस जमा कराने के लिए कह रहा है।
पिछले कुछ समय से यूरो स्कूल्स ग्रुप, ब्लू बेल्स स्कूल्स ग्रुप, डीपीएस सहित अन्य कई निजी स्कूलों में फीस वृद्धि को लेकर अभिभावक प्रदर्शन कर रहे हैं। इन स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावक जिला शिक्षा विभाग, गुरुग्राम मंडलायुक्त और जिला प्रशासन को शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं होने के कारण किसी न किसी निजी स्कूल के बाहर अभिभावकों को प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
शनिवार को यूरो इंटरनेशनल स्कूल के बाहर प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों का कहना है कि उन्होंने बीती 19 जुलाई को स्कूल प्रबंधन को इस संबंध में पत्र लिखकर कहा था कि जो अभिभावक वार्षिक फीस जमा कर चुके हैं, उस फीस को मासिक फीस के तौर पर शामिल करने की मांग की थी, लेकिन स्कूल प्रबंधन द्वारा मनमानी की जा रही है। अभिभावकों का कहना है कि जब कोरोना महामारी के कारण बच्चे स्कूल में आ नहीं रहे और ऑनलाइन पढ़ाई कराई जा रही है तो अभिभावक ट्यूशन फीस के अलावा क्यों अतिरिक्त शुल्क जमा करवाएं। वार्षिक शुल्क सहित अन्य शुल्क जमा नहीं कराने पर यूरो इंटरनेशनल स्कूल प्रबंधन ने उनके बच्चों की आईडी को ब्लॉक कर दिया है, जिससे बच्चों की पढ़ाई बंद हो गई है। यूरो इंटरनेशनल स्कूल सेक्टर-84 के प्रबंधन की मनमानी के विरोध में शनिवार को अभिभावकों द्वारा यह प्रदर्शन करना पड़ा।