सुबह 4 बजे से श्रद्धालु करेंगे जलाभिषेक, अलबेली झांकिया तैयार कर रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। रविवार को शहर के शिवालयों में महाशिवरात्रि की धूम रहेगी। शहर के पुराने शिवालयों भूतेश्वर मंदिर, घंटेश्वर मंदिर, सिद्धेश्वर मंदिर में काफी संख्या में श्रद्धालु सुबह 4 बजे से ही भगवान शिव का अभिषेक करेंगे। ब्रह्मा कुमारी ओम शांति रिट्रीट सेंटर में महाशिवरात्रि की झांकियां तैयार की जा रही है। दौलताबाद स्थित बाबा प्रकाशपुरी मंदिर में दूर-दूर से लोग महाशिवरात्रि पर शिव के अभिषेक के लिए आते है। मंदिरों में महाशिवरात्रि पर भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।
सिविल लाइंस स्थित भूतेश्वर मंदिर, रेलवे रोड स्थित प्रेम मंदिर, कादीपुर स्थित बाबा रतन दास मंदिर, सेक्टर-43 स्थित हनुमान मंदिर में महाशिवरात्रि पर भजन कीर्तन, भंडारे और झांकियां लगाई जाएगी। ओम शांति रिट्रीट सेंटर ने पटौदी में शिवरात्रि के पूर्व कार्यक्रमों के तहत रामलीला मैदान में चलने वाले मेले में सेक्टर-109 स्थित पीतांबरा सूर्य नारायण मंदिर महाशिवरात्रि पर तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस मौके पर भगवान शिव पार्वती की हल्दी, मेंहदी और बारात की रस्मे धूमधाम से मनाई जाएगी। सेक्टर पांच स्थित श्री राम मंदिर में भी भगवान शिव की हल्दी मेंहदी की रस्म के साथ महाशिवरात्रि धूमधाम से मनाई जाएगी। सेक्टर-109 स्थित पीतांबरा सूर्य नारायण मंदिर और बोहड़ाकला स्थित ओम शांति रिट्रीट सेंटर में द्वादश ज्योर्तिलिंग की झांकियां तैयार की जा रही है। पीतांबर सूर्य नारायण मंदिर में सुबह नौ बजे से 12 बजे तक सामूहिक रुद्राभिषेक का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया है।