नौवीं और दसवीं में होंगी लागू, दोनों विषयों के पाठ्यक्रम और किताबों में किया गया बदलाव
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा नौवीं और दसवीं की पाठ्यपुस्तकों को लेकर निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड की ओर से जारी के आदेश के अनुसार, एनसीईआरटी की नई किताबों को लेकर छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बनी भ्रम की स्थिति अब स्पष्ट कर दी गई है।
बोर्ड ने बताया कि नए सत्र में केवल पंजाबी और फिजिकल एजुकेशन विषयों की एनसीईआरटी की ओर से निर्धारित नई पुस्तकें लागू होंगी। इन दोनों विषयों के पाठ्यक्रम और किताबों में बदलाव किया गया है। वहीं, कक्षा नौवीं और दसवीं के अन्य सभी विषयों के लिए पहले से संचालित पुस्तकें जारी रहेंगी। ऐसे में विद्यार्थियों को बाकी विषयों की नई किताबें खरीदने की जरूरत नहीं होगी।
क्यूआर कोड आधारित स्मार्ट टेक्स्ट बुक्स की हुई शुरुआत
बोर्ड ने यह भी जानकारी दी कि संबंधित पुस्तकों की सूची आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई है। इसके साथ ही बोर्ड ने नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए क्यूआर कोड आधारित स्मार्ट टेक्स्ट बुक्स की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य पढ़ाई को अधिक आसान, रोचक और तकनीक से जोड़ना है। नई पुस्तकों में प्रत्येक अध्याय और विषय के साथ यूनिक क्यूआर कोड दिए गए हैं। छात्र इन कोड को मोबाइल फोन से स्कैन कर वीडियो लेक्चर, प्रयोगों की डेमो, ग्राफिकल एक्सप्लनेशन, वर्चुअल लैब और अभ्यास प्रश्नों के समाधान जैसी डिजिटल सामग्री तक सीधे पहुंच सकेंगे।