संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। स्टार ग्रीन एरीना के मैदान पर सोमवार को महाकाल क्रिकेट अकादमी और द स्पोर्ट्स मंत्रा क्रिकेट अकादमी के बीच 40 ओवर का मैच खेला गया। इसमें महाकाल अकादमी ने द स्पोर्ट्स मंत्रा अकादमी को 22 रन से हरा दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए महाकाल अकादमी की टीम ने 31.2 ओवर में 192 रन बनाए। टीम की ओर से अंकित यादव ने 26 रन की पारी खेली। मैच का सबसे आकर्षक प्रदर्शन मंजुल दुबे ने किया। उन्होंने केवल 26 गेंदों में 63 रन की तूफानी पारी खेली। द स्पोर्ट्स मंत्रा क्रिकेट अकादमी की ओर से मान सिंह ने तीन विकेट हासिल किए। लविश त्यागी ने दो विकेट लिए जबकि अंकित शुक्ला ने भी दो सफलताएं प्राप्त कीं।
193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी द स्पोर्ट्स मंत्रा क्रिकेट अकादमी की शुरुआत तेज रही। अंकित शुक्ला ने 29 रन, अमन वर्मा ने 17 रन बनाए। अंत में शिवा मौर्य ने नाबाद 39 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला और पूरी टीम 37.2 ओवर में 170 रन पर सिमट गई। महाकाल अकादमी की ओर से गेंदबाजी में प्रिंस तंवर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र छह रन देकर तीन विकेट हासिल किए। उनके अलावा अभिषेक यादव और गजेंद्र कश्यप ने दो-दो विकेट लिए। अंकित तिवारी ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए एक विकेट झटका।