- मिनी बालक राज्य चैंपियनशिप से शुरू होगी व्यवस्था, पंजीकृत मुक्केबाजों को ही मिलेगा प्रतियोगिताओं में मौका
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश में बॉक्सिंग खिलाड़ियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने और प्रतियोगिताओं में उनकी पहचान व पात्रता सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य किया जाएगा। उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन (यूपीबीए) इस व्यवस्था की शुरुआत अंडर-12 मिनी बालक राज्य बॉक्सिंग चैंपियनशिप से करने जा रहा है। इसके बाद प्रदेश में एसोसिएशन से पंजीकृत खिलाड़ियों को ही प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
पहली अंडर-12 मिनी बालक उत्तर प्रदेश राज्य बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन 24 और 25 अक्टूबर को ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र स्थित सादोपुर गांव की जेएसबी बॉक्सिंग अकादमी में होगा। प्रतियोगिता में एक जनवरी 2014 से 31 दिसंबर 2015 के बीच जन्मे खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
खिलाड़ियों का रिकॉर्ड होगा डिजिटल :
जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव प्रवेश बैसोया ने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण का उद्देश्य प्रदेश के मुक्केबाजों का व्यवस्थित डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना है। इससे खिलाड़ियों की पहचान, आयु और पात्रता का सत्यापन आसान होगा। साथ ही प्रतियोगिताओं के संचालन में पारदर्शिता आएगी। उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था प्रदेश में आयोजित होने वाली बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं को अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जिलों और एसोसिएशन से संबद्ध इकाइयों को निर्धारित प्रारूप में खिलाड़ियों की प्रविष्टियां भेजनी होंगी। आयोजकों के अनुसार, प्रविष्टियों की संख्या भेजने की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर और खिलाड़ियों के नाम सहित पूरी प्रविष्टि भेजने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
सचिव ने बताया कि यूपीबीए ने ऑनलाइन पंजीकरण के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट upboxingassociation.in शुरू की है। खिलाड़ी इसी माध्यम से पंजीकरण करा सकेंगे। व्यवस्था लागू होने से प्रदेश के मुक्केबाजों का एकीकृत रिकॉर्ड तैयार करने और आयु वर्ग के अनुसार पात्रता जांचने में मदद मिलेगी।