गुरुग्राम। हरियाणा उच्चतर शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए केंद्रीकृत एडमिशन पोर्टल को 28 अगस्त तक फिर से खोल दिया गया है। पहले अंतिम तिथि 24 जुलाई थी किंतु रिक्त सीटों और विद्यार्थियों की मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिले के 10 राजकीय महाविद्यालयों में अभी भी अनेक सीटें खाली हैं। फर्रुखनगर के सुल्तानपुर गांव स्थित राजकीय महाविद्यालय में बीए और बीकॉम की लगभग 50% सीटें रिक्त हैं। इच्छुक विद्यार्थी फिजिकल ओपन काउंसिलिंग में भाग लेकर दाखिला ले सकते हैं। सुल्तानपुर महाविद्यालय में बीए, बीकॉम, बीएससी और बीटीटीएम जैसे कोर्स उपलब्ध हैं जिनमें हिंदी, अंग्रेज़ी, राजनीति विज्ञान, गणित, होम साइंस जैसे विषय पढ़े जा सकते हैं। विद्यार्थियों को कला, वाणिज्य, विज्ञान और पर्यटन के क्षेत्र में कॅरिअर निर्माण के अवसर मिलते हैं। यह कदम शिक्षा सुलभ बनाने और युवाओं को नए अवसर देने की दिशा में सराहनीय पहल है। संवाद