डेंगू से महिला की मौत, 11 नए मरीज मिले
- पहले भी दो लोगों की जा चुकी है जान, डेंगू के 627 मामले अब तक सामने आए
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर में डेंगू से एक महिला की मौत हो गई। वहीं, 11 नए केस सामने आए हैं। इसके साथ ही नोएडा में डेंगू के 627 मामले हो गए हैं। पहले डेंगू से दो लोगों की जान जा चुकी है।
डेंगू से मौत का यह मामला सेक्टर-28 का है। परिजनों का कहना है कि महिला दीपा मलिक को डेंगू के इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सेक्टर-28 की आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग और नोएडा प्राधिकरण से पूूरे क्षेत्र में फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव कराने की मांग की है। जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा का कहना है कि अभी डेंगू से संभावित मौत के इस केस की जानकारी अस्पताल को देने को कहा गया है। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही डेंगू से मौत हुई या नहीं, इसकी पुष्टि हो सकेगी।