- आरोपी से 4.5 लाख रुपये और सोने के गहने बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अपराध शाखा सेक्टर-17 की पुलिस ने सेक्टर-5 स्थित मकान से चोरी करने मामले में एक आरोपी को 24 फरवरी को उत्तर प्रदेश के संभल से गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश करके तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी से 4.5 लाख रुपये, सोने की दो चेन, सोने की दो बालिया, सोने का एक पेंडेंट, दाे घड़ी व एक पेचकस बरामद किए हैं।आरोपी की पहचान संभल (उत्तर प्रदेश) के सेमारी गांव निवासी भूपेंद्र के रूप में हुई है। आरोपी से पूछताछ में पता चला कि जिस मकान में चोरी की थी, उसमें 25 दिसंबर 2025 से 12 जनवरी 2026 के दौरान तक कोई नहीं था। ऐसे में आरोपी भूपेंद्र ने पहले मकान की रेकी की और रात के समय अपने अन्य साथी के साथ मिलकर मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
अपराध शाखा सेक्टर-17 के प्रभारी पीएसआई सुमित ने बताया कि आरोपी भूपेंद्र का रिमांड पूरा होने के बाद उसे अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है। मकान से चोरी मामले में एक आरोपी हीरालाल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। हीरालाल से 20 हजार रुपये व सोने की एक चेन बरामद की थी।