तीन नकाबपोश युवकों ने पीटा था, दो को पहले गिरफ्तार कर चुकी है पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। चार महीने पहले एक बाउंसर को बस से उतारकर लाठी-डंडों से पीटने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार हुए आरोपी की पहचान सुल्तानपुर गांव के बंगला मोहल्ला निवासी किरशन कुमार के रूप में हुई है। पीड़ित की शिकायत पर राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह सुल्तानपुर निवासी नवीन की फैक्टरी में बाउंसर की नौकरी करता है। 13 अगस्त 2025 को वह दोस्तों के साथ मिलकर बस से घर जा रहा था। जब वह धनकोट के पास पहुंचा तो तीन युवक मुंह पर रुमाल बांधकर आए और उनको बस से उतारकर लाठी-डंडों से पीटने लगे। हमलावरों ने धमकी दी कि इस बार तो छोड़ रहे हैं अगली बार जान से मार देंगे। अपराध शाखा पालम विहार ने आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप ने बताया कि आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह जिला अदालत में अधिवक्ता की प्रैक्टिस करता है। उसके साथी मनीष की पीड़ित के साथ पुराने झगड़े को लेकर रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश में उन्होंने वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी के खिलाफ मारपीट का एक मामला पहले भी दर्ज है। इस मामले में दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।