आरटीए व यातायात पुलिस की टीमें कर रही वाहनों का निरीक्षण
जांच में कमियां मिलने पर भेजे जा रहे नोटिस, होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। निजी स्कूलों की बसों में सुरक्षा मानकों की जांच के अभियान के दूसरे दिन मंगलवार को खामियां मिलने पर 13 वाहनों के चालान काटे गए। दूसरे दिन जिले के विभिन्न स्कूलों की 127 बसों का निरीक्षण किया गया। संयुक्त टीम ने बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों, आवश्यक दस्तावेज व सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के प्रावधानों के तहत जांच की। इस दौरान आरटीए, यातायात पुलिस व जिला शिक्षा विभाग की टीमें ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर रही है।
जांच के दौरान स्कूली वाहनों में खामियां मिलने पर स्कूल प्रबंधकों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। हरियाणा मानवाधिकार आयोग के निर्देशों और गुरुग्राम के उपायुक्त उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में छात्रों की सुरक्षित स्कूल आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जांच अभियान चलाया गया है। अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा और सभी स्कूल बसों में करीब 4500 बसों व अन्य वाहनों का निरीक्षण किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर 13 स्कूली बसों के चालान काटे गए हैं। जिन स्कूल बसों में किसी प्रकार की कमी या नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा। उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम व सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- हरेंद्र वीर, एडीटीओ एवं सहायक सचिव आरटीए, गुरुग्राम