हसनपुर में रात्रि ठहराव: उपायुक्त ग्रामीणों की समस्याओं का करेंगे मौके पर निवारण
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिला प्रशासन 28 अगस्त को सायं 5 बजे से खंड हसनपुर के बीडीपीओ कार्यालय में रात्रि ठहराव का आयोजन करेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ करेंगे। रात्रि ठहराव में पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला एवं समस्त प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रहेगी।
उपायुक्त डॉ. वशिष्ठ ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी मौके पर शिकायतें सुनकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे। इसके साथ ही जिन मामलों में फौरी निवारण संभव न होगा, उनके निस्तारण हेतु समयबद्ध रणनीति तय की जाएगी।
रात्रि ठहराव में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे जिनके माध्यम से ग्रामीणों को केंद्र व राज्य सरकार की अंत्योदय, उत्थान तथा जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। उपायुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने संबंधित योजनाओं का सरल विवरण, लाभार्थी मानदंड व आवेदन प्रक्रिया उपलब्ध कराएं ताकि ग्रामीणों को लाभ लेने में कोई कठिनाई न हो।