परिसर में एक जगह ही बनाई जाएंगी खानपान की 22 दुकानें
डिपो प्रबंधन ने मुख्यालय भेजा प्रस्ताव, स्वीकृति मिलने के बाद शुरू होगी टेंडर की प्रक्रिया
विराट त्यागी
गुरुग्राम। साइबर सिटी में आधुनिक सुविधाओं से लैस अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) बनाने की योजना पर काम चल रहा है। वहीं, अब बस अड्डा परिसर में फूड कोर्ट बनाने का भी प्रस्ताव हो गया है। इससे अब यात्री यहां थकान के साथ-साथ स्वादिष्ट भोजन का लुत्फ उठाकर भूख भी मिटा सकेंगे। हरियाणा रोडवेज ने इस संदर्भ में प्रस्ताव तैयार कर लिया है। इसके अंतर्गत फूड कोर्ट के डिजाइन समेत विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेज दी गई है। स्वीकृति मिलते ही इस पर काम शुरू हो जाएगा, जिसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।
बस स्टैंड परिसर में एक ही जगह पर 22 दुकानें बनाई जाने की योजना है। बस स्टैंड में मौजूदा दुकानों का टेंडर अप्रैल महीने में पूरा हो गया था। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं की गई। उधर आईएसबीटी बनने में अभी समय लग रहा है। ऐसे में यात्रियों की परेशानी को देखते हुए बस स्टैंड परिसर में कई बदलाव किए जा रहे हैं। इसके लिए मुख्यालय से 1.05 करोड़ रुपये बजट की मांग की है। बजट के आवंटन के बाद यात्रियों के लिए बैठने की अच्छी व्यवस्था की जाएगी।
बस स्टैंड परिसर में फूड कोर्ट बनाने के लिए मुख्यालय में प्रस्ताव भेज दिया गया है। अनुमति मिलने के बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए फूड कोर्ट बनाने का काम किया जा रहा है। - भरत भूषण गोगिया, महाप्रबंधक, गुरुग्राम डिपो।