पर्यावरण एक्टिविस्ट ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर जारी किया
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। अरावली के पास नगर निगम की एजेंसी द्वारा टैंकर से गंदा पानी छोड़े जाने को लेकर निगम ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। टैंकर से बंधवाड़ी के पास ग्वाल पहाड़ी गांव से लाकर सीवेज की गंदगी को बहाया जा रहा था।
सेक्टर 57 स्थित ग्वाल पहाड़ी गांव से सीवेज की गंदगी भरे टैंकर से बंधवाड़ी गांव के पास गंदगी डंप की जा रही थी। नगर निगम द्वारा तय एजेंसी के टैंकर गंदगी डाल रहे थे। जिस टैंकर से गंदा पानी बहाया जा रहा था उस पर दिल्ली जल बोर्ड लिखा था। पर्यावरण एक्टिविस्ट वैशाली राणा ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर जारी किया जिसमें टैंकर वाले कह रहे हैं कि यह गंदगी ग्वाल पहाड़ी गांव से आ रही है और नगर निगम द्वारा तय एजेंसी यह काम कर रही है। वैशाली ने बताया कि बंधवाड़ी के अरावली के जंगल वाले इलाके में सीवेज की गंदगी बहाई जा रही है। इससे वन्य जीवों पर खराब असर पड़ेगा। यह अरावली को प्रदूषित करने का कार्य है।
इस संबंध में नगर निगम के कार्यकारी अभियंता संदीप सिंह सिहाग ने बताया कि उन्होंने इस घटना पर कार्रवाई की है। यह टैंकर निगम की एजेंसी का था और एजेंसी ने यह मान लिया है कि उसका ड्राइवर नया है, उसे नहीं पता था कि सीवेज को धनवापुर या बहराम के ट्रीटमेंट प्लांट में ले जाना है। उसने सड़क के किनारे ही सीवेज को डाल दिया। जिन गांव में सीवेज लाइन नहीं है, वहां सीवेज की गंदगी को टैंकर से ट्रीटमेंट प्लांट तक भेजा जाता है। ग्वाल पहाड़ी से गंदगी लेकर टैंकर आ रहा था। एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है।