टैंकर मंगाकर चलाना पड़ रहा है काम, शिकायत के बाद भी नहीं हो रहा समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। प्रचंड गर्मी में शहर के कई हिस्सों में लोग जल संकट से जूझ रहे हैं। शहर के कुछ इलाकों में जीएमडीए का पानी या तो नहीं आ रहा है तो बहुत कम आ रहा है। टैंकरों से लोगों के घरों में पानी का काम चल रहा है।
सेक्टर 57 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष रोशन लाल यादव ने बताया कि सेक्टर में पिछले 16 दिनों से नहरी पानी नहीं आ रहा है। सोमवार को 16 वां दिन था जब जीएमडीए का पानी नहीं आया। इसकी शिकायत नगर निगम, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और जीएमडीए के अधिकारियों से की गई है मगर कोई हल नहीं निकल पा रहा है। सेक्टर में लोग टैंकर मंगाकर काम चला रहे हैं।
इलाके के निवासी संदीप दीक्षित ने बताया कि सेक्टर 51 के बूस्टिंग स्टेशन से सेक्टर 57 में पानी आता है। जीएमडीए ने सेक्टर 72 में बूस्टिंग स्टेशन बनाया तो है मगर उसे चालू नहीं कर पाए हैं। ऐसे में सेक्टर 75 तक सेक्टर 51 के बूस्टिंग स्टेशन से पानी जा रहा है। सेक्टर 51 के बूस्टिंग स्टेशन की क्षमता इतनी ज्यादा नहीं है। दूसरी ओर बिजली कटौती के कारण चंदू बुढ़ेरा के प्लांट से बीच- बीच में पानी बंद हो जा रहा है। इससे पाइप लाइन में पानी फ्लो में नहीं रहता । सेक्टर 57 सबसे अंत में आता है। पाइप लाइन में जब पानी आता है तो शुरुआती घरों में पानी जा पाता है। दूसरी ओर पहले ढाई मंजिल को ध्यान में रखकर पाइप लाइनें बिछाई गई थी । सेक्टर 57 में अधिसंख्य घर 250 गज से ज्यादा हैं। अब ज्यादातर घर चार मंजिला बन गए हैं। सेक्टर में 3800 प्लॉट हैं। सेक्टर में इन सबको पानी की आपूर्ति के लिए एक ही यूजी टैंक है।
सेक्टर चार के लोग परेशान
सेक्टर चार में मोटर खराब होने के कारण पानी की काफी कम आ रहा है। मकान संख्या 600 और हुडा मार्केट के पास के इलाके में लोगों को बहुत कम पानी मिल रहा है। निवासियों ने बताया कि इलाके में लोगों को टैंकर मंगाना पड़ रहा है। यह समस्या बनाई गई है। बताया जा रहा है कि वाटर पंप पर मोटर खराब होने के कारण पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है।