अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन) विभाग की ओर से डीएलएफ क्षेत्र में अवैध निर्माण और अवैध व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान रविवार को स्थगित रहा। लगातार तीन दिन चली कार्रवाई के बाद रविवार को कोई तोड़फोड़ या सीलिंग नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली।
पिछले दिनों की कार्रवाई के दौरान निकले मलबे को हटाने के लिए एक-दो दिन तक कार्रवाई रोकी जा सकती है। डीएलएफ क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित पीजी, गेस्ट हाउस, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और स्वीकृत नक्शे के विपरीत किए गए निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार डीएलएफ के पांचों फेज में करीब 3500 ऐसी संपत्तियां हैं, जिन पर न्यायालय द्वारा दी गई रोक हट चुकी है और कार्रवाई की जानी है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग द्वारा डीएलएफ फेज-1 से फेज-5 तक चरणबद्ध तरीके से अभियान चलाया जा रहा है। फेज-3 से कार्रवाई शुरू की गई है और फेज-1, 2, 4 और 5 में भी क्रमवार अभियान चलाया जाएगा।
डीटीपीई अमित मधोलिया ने बताया कि यह कार्रवाई पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 29 मई 2026 के आदेश के अनुपालन में की जा रही है। विभाग की ओर से कुल 5099 संपत्तियों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं।