संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। आईटीआई में दाखिले की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून तक बढ़ा दी है। साथ ही इस बार विद्यार्थियों को आवेदन जमा करने के बाद दोबारा अपनी पसंद का ट्रेड चुनने का अवसर मिलेगा। विभाग के अनुसार फिलहाल ट्रेड चयन की प्रक्रिया पर अस्थायी रोक लगाई गई है। पहले चरण में विद्यार्थियों को केवल ऑनलाइन आवेदन और पंजीकरण करना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभाग की ओर से अलग से ट्रेड चयन का विकल्प खोला जाएगा। जिले के राजकीय आईटीआई संस्थानों में इलेक्ट्रिशियन, फिटर, कोपा, वेल्डर और डीजल मैकेनिक जैसी ट्रेडों की मांग सबसे अधिक रहती है। ऐसे में कई विद्यार्थी आवेदन के समय जल्दबाजी में ट्रेड चुन लेते थे। नई व्यवस्था से उन्हें अपने विकल्पों पर दोबारा विचार करने का मौका मिलेगा।