गुरुग्राम नगर निगम टीम ने की कार्रवाई, स्वीकृति वाले स्थानों की बजाए दूसरी जगह लगाए
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम ने मंगलवार को नियमों की अवहेलना कर लगाए गए नौ यूनिपोल को हटाया। निगम अधिकारियों ने बताया कि ये सभी यूनिपोल नगर निगम से स्वीकृत तो किए गए थे लेकिन जिन स्थानों के लिए अनुमति ली गई थी, वहां स्थापित नहीं किए। विज्ञापन एजेंसियों ने इन्हें अन्य जगहों विशेषकर ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में लगा दिया।
सहायक अभियंता हरिप्रकाश के नेतृत्व में निगम की टीम ने मंगलवार को वाटिका चौक से द्वारका एक्सप्रेसवे की ओर अभियान चलाया और यूनिपोल हटाने की प्रक्रिया पूरी की। निगम की सख्ती को देखते हुए कई एजेंसियों ने खुद भी अपने लगाए यूनिपोल हटाने शुरू कर दिए।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि शहर की सुंदरता और आमजन की सुरक्षा से समझौता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया है कि स्वीकृत शर्तों का उल्लंघन करने वाली एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और आगे भी नियमित रूप से ऐसे यूनिपोल या विज्ञापन ढांचों को हटाने का अभियान जारी रहेगा।