छत पर जाकर अकेले में राेती थी निकिता, पार्टी में जाने बात भी आई सामने
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-14 थाना क्षेत्र स्थित पीजी में युवती के फंदा लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पीजी मैनेजर का कहना है कि उसके घर वाले उस पर शादी के लिए दबाव बना रहे थे। इस कारण कई बार निकिता छत पर अकेली जाकर रोती भी थी। यह भी सामने आया है कि निकिता रात को पार्टी करने के लिए जाती थी। वहीं, पुलिस ने इस मामले को आत्महत्या मानते हुए जांच शुरू की थी, जबकि मृतका निकिता के परिजनों का आरोप है कि उसे आत्महत्या के लिए उकसाया गया है।
पीजी की मैनेजर ने बताया कि शाम को उन्हें जानकारी मिली थी कि निकिता दरवाजा नहीं खोल रही है। आसपास के कमरों में रहने वाली लड़कियां काफी देर से दरवाजा खटखटा रहीं थीं, लेकिन अंदर से दरवाजा नहीं खुला। उस कमरे में कोई ऐसी खिड़की नहीं थी, जहां से कमरे के अंदर झांका जा सके। कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो निकिता पंखे से फंदा लगाकर लटकी हुई मिली। निकिता को फंदे पर लटकी हुई देखकर सभी लड़कियां चिल्लाई और गेट बंद कर दिया। इसके बाद पीजी संचालकों ने डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचित किया गया।
वर्जन
जांच अधिकारी गुलदीन ने बताया कि अभी तक जांच में युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात ही सामने आई है। पुलिस मामले में विभिन्न बिंदुओं से जांच कर रही है। युवती के मोबाइल की कॉल डिटेल और सोशल मीडिया की भी जांच की जाएगी, ताकि मामले में खुलासा हो सके।