एचएसवीपी के पंचकूला मुख्यालय से नक्शे तैयार किए गए
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) और गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) के अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए 10-10 मंजिला दो इमारतें बनाई जाएंगी। सेक्टर-46 स्थित एचएसवीपी कॉलोनी में बनने वाली बहुमंजिला दाे इमारतों के निर्माण को लेकर एचएसवीपी के पंचकूला मुख्यालय से नक्शे तैयार किए गए हैं। जल्द ही इमारत निर्माण को लेकर टेंडर जारी किया जा सकता है।
सेक्टर-46 स्थित एचएसवीपी की मौजूदा कॉलोनी में 106 सरकारी आवास हैं। इसमें करीब 70 आवास में एचएसवीपी अधिकारी व कर्मचारी रहते हैं। 36 फ्लैटों में अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी की यह कॉलोनी करीब पांच एकड़ जमीन में है। इन सरकारी आवास को तोड़कर नए सिरे से बहुमंजिला दो इमारतें तैयार की जाएंगी। करीब ढाई एकड़ जमीन में 40 फीसदी ग्राउंड कवरेज के साथ इन इमारतों का निर्माण किया जाएगा।
गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) के लिए बनने वाली इमारत में 78 फ्लैट बनाए जाएंगे जिनमें दो बीएचके के 24 फ्लैट बनाए जाएंगे, जिनमें डाइनिंग क्षेत्र नहीं होगा। दो बीएचके साइज के 20 फ्लैट में डाइनिंग क्षेत्र होगा। तीन बीएचके के 12 फ्लैट, चार बीएचके के 12 फ्लैट और पांच बीएचके के छह फ्लैट बनाए जाएंगे, इन सब फ्लैट में घरेलू सहायक का कमरा अलग होगा। इसके अलावा पांच बीएचके के दो फ्लैट को डुप्लेक्स के तौर पर बनाया जाएगा। तीन बीएचके के चार फ्लैट टेरिस के साथ बनाए जाएंगे।
वहीं, एचएसवीपी की इमारत में 72 फ्लैट बनाने की योजना है। इसमें दो बीएचके के 28 फ्लैट, तीन बीएचके के 16 फ्लैट और चार बीएचके के 28 फ्लैट तैयार किए जाएंगे। तीन व चार बीएचके फ्लैट के साथ घरेलू सहायक के लिए अलग से कमरा होगा। इसमें तीसरी मंजिल पर करीब 600 वर्ग मीटर क्षेत्र में एक कम्यूनिटी हॉल तैयार करने की योजना है।
सेक्टर-46 स्थित एचएसवीपी कॉलोनी में बहुमंजिला दाे इमारतों के निर्माण को लेकर योजना बनाई गई है। विभाग के मुख्यालय की ओर योजना पर काम किया जा रहा है। मुख्यालय से जो दिशा-निर्देश आएंगे, उसी अनुसार आगामी कार्य किए जाएंगे।
- वैशाली सिंह, प्रशासक, एचएसवीपी, गुरुग्राम