- अस्पताल के बेसमेंट में सीलन से डेंगू वार्ड में आ रहा है पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर 10 स्थित नागरिक अस्पताल में पहली मंजिल पर 30 बेड का नया वार्ड शुरू किया गया है। यह कदम अस्पताल के बेसमेंट में लंबे समय से चल रही पानी रिसाव की समस्या के चलते उठाया गया है। अस्पताल में बने डेंगू वार्ड में पानी घुसने के कारण मरीजों को अस्थायी रूप से पहली मंजिल पर बनाए गए नए वार्ड में शिफ्ट किया गया है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, बेसमेंट में मरम्मत कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। दो महीने के अंदर वहां स्थित वार्ड को दोबारा शुरू किया जा सकेगा। जब तक मरम्मत का काम पूरा नहीं होता, तब तक डेंगू और बुखार के मरीजों का इलाज नए वार्ड में ही किया जाएगा। बुखार के अलावा फिलहाल नए वार्ड में सामान्य मरीजों का भी इलाज जारी है। सितंबर तक सभी मरीज ऊपर की मंजिल पर ही भर्ती किए जाएंगे। अस्पताल के बेसमेंट में विंग, स्क्रीनिंग कक्ष, मित्रता क्लीनिक व रिकार्ड रूम में पानी आने से सेवाएं प्रभावित हो गई थीं।
अगले दो महीने तक अस्पताल के बेसमेंट में इलाज नहीं किया जाएगा, अस्थायी समाधान के लिए पहली मंजिल पर बने 30 बेड के वार्ड में मरीजों का इलाज किया जा रहा है। -
डॉ. लोकवीर, पीएमओ, नागरिक अस्पताल