संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। नेहरू स्टेडियम इन दिनों बदहाल है। बारिश होने के बाद यहां जलभराव की समस्या खड़ी हो गई है। इससे खिलाड़ियों की तैयारी में बाधा आ रही है। वह प्रैक्टिस नहीं कर पा रहे, वहीं पानी भरे होने के कारण मैदान के खराब होने का अंदेशा है।
खिलाड़ियों और कोच का कहना है कि हर बार बारिश होते ही मैदान में पानी भर जाता है। खासतौर पर फुटबॉल जैसे खेलों से जुड़े खिलाड़ियों को गीले और फिसलन भरे मैदान पर अभ्यास करना मुश्किल हो रहा है। खिलाड़ियों और खेल संघों ने कई बार जिला प्रशासन व खेल विभाग से शिकायत की है लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। हर बार समस्या उठाने पर अस्थायी इंतजाम किए जाते हैं पर बारिश आते ही वही हालात दोबारा खड़े हो रहे हैं।
नेहरू स्टेडियम से हर साल कई खिलाड़ी राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हैं। खिलाड़ियों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि स्टेडियम में आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम लगाया जाए ताकि पानी तेजी से बाहर निकल सके। कार्यवाहक जिला खेल अधिकारी आरती सोलंकी ने बताया कि पानी निकालने के लिए मोटर लगाई जा रही है। जीएमडीए से स्थायी प्रबंध के लिए कहा गया है।