परीक्षा केंद्र के 200 मीटर में बाहरी के प्रवेश व इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के प्रयोग पर लगाई रोक
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से आयोजित सीडीएस और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और नौसेना अकादमी परीक्षा (एनडीए) की परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने एडवाइजरी की है। परीक्षा 14 सितंबर को जिले में विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को सुचारु और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए उपायुक्त एवं जिला मजिस्ट्रेट अजय कुमार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार, 13 और 14 सितंबर को परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में बिना अनुमति किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश निषेध रहेगा। परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटोकॉपी मशीनों, नकल संबंधी उपकरणों या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के प्रयोग पर रोक रहेगी। इसके अतिरिक्त, किसी भी व्यक्ति को हथियार, आपत्तिजनक वस्तुएं ले जाने या परीक्षा केंद्र के बाहर नारेबाजी एवं पोस्टर और प्लेकार्ड दिखाने की अनुमति नहीं होगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए गुरुग्राम पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता धारा 223 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न हो सकें।