गुरुग्राम के भोंडसी से डीटीपी ने हटाई अवैध कॉलोनी, तोड़फोड़ के दौरान बेहोश हुई महिला।
- फोटो : Gurgaon
विरोध के बीच अवैध कॉलोनी पर चला पीला पंजा, महिला बेहोश
गुरुग्राम। जिला नगर योजनाकार की अनुमति के बिना भोंडसी क्षेत्र में विकसित की जा रही तीन कॉलोनियों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। भारी पुलिसबल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस के समक्ष उनकी एक न चली। अपने आशियाने को टूटता देख एक महिला बेहोश भी हो गई जिसे पास के अस्पताल से प्राथमिक उपचार दिलवाया गया।
जिला नगर योजनाकार (ई) वेद प्रकाश ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि भोंडसी क्षेत्र में रॉयन स्कूल के पास 13 एकड़ में तीन कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं। इस पर उन्होंने मौके का मुआयना कर टीम तैयार की। पुलिस बल को साथ लेकर शुक्रवार को वह मौके पर पहुंचे। भोंडसी के रॉयन स्कूल के पास 4 एकड़ जमीन पर प्रॉपर्टी डीलर द्वारा विकसित की जा रही कॉलोनी में 2 बाउंड्रीवाल, 20 डीपीसी तथा रोड नेटवर्क को तोड़ा गया। भोंडसी रिठौज रोड पर 2 एकड़ में काटी जा रही कॉलोनी के रोड नेटवर्क को तोड़ दिया गया। जबकि तीसरी अवैध रूप से 7 एकड़ में रिठौज रोड पर बसाई जा रही कॉलोनी में 8 मकान, 7 निर्माणाधीन मकान, 2 दुकानें, 2 बाउंड्रीवाल तथा 25 डीपीसी तोड़े गए। इस दौरान यहां लोगों ने विरोध कर दिया। जिन्हें पुलिस बल ने मौके से हटाया। इस दौरान एक महिला अपने निर्माणाधीन मकान से बाहर नहीं निकल रही थी जिसे पुलिस ने बाहर निकाला। आंखों के सामने अपना निर्माणाधीन आशियाना टूटता देख महिला बेहोश हो गई। जिसे पास के अस्पताल में भेजकर उसे प्राथमिक उपचार दिलवाया गया।