करीब 50 हजार एकड़ में की गई है सरसों की बिजाई
संवाद न्यूज़ एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। जिले में पिछले तीन दिनों से बादलों का जमावड़ा बना हुआ है। बृहस्पतिवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और दिन के समय कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। इस हल्की बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है और किसानों के चेहरों पर भी रौनक ला दी है। लंबे समय से सूखी पड़ी जमीन को नमी मिलने से सरसों की फसल को बड़ा फायदा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
कृषि विभाग के अनुसार, इस वर्ष जिले में करीब 50 हजार एकड़ भूमि पर सरसों की बिजाई की गई है। ऐसे में यह हल्की बरसात किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं मानी जा रही। लगातार बढ़ते तापमान और शुष्क हवाओं से फसल पर असर पड़ने की आशंका थी, लेकिन मौजूदा बूंदाबांदी से न केवल मिट्टी में नमी बढ़ेगी, बल्कि फसल की बढ़वार में भी तेजी आएगी। कृषि विभाग के एसडीओ डॉ. अजीत सिंह ने बताया कि अक्तूबर के अंतिम सप्ताह में हुई यह हल्की बारिश सरसों के लिए बहुत लाभदायक है।
वहीं, बारिश का असर वायु गुणवत्ता पर भी देखने को मिला। बुधवार को जहां जिले का एयर क्वालिटी इंडेक्स 215 के स्तर पर था, वहीं बृहस्पतिवार को यह घटकर 160 पर दर्ज किया गया। विशेषज्ञों का कहना है कि बूंदाबांदी से हवा में मौजूद धूलकण और प्रदूषक नीचे बैठ जाते हैं, जिससे वायु गुणवत्ता में सुधार होता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में हल्के बादलों के बने रहने और कभी-कभी फुहारें पड़ने की संभावना है। बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 3 डिग्री कम है।