गुरुग्राम/सोहना। सोहना कस्बे के गांव खरौदा में प्रेमिका के साथ मिलकर युवक ने अपने ही नौ माह के मासूम की गला दबाकर हत्या कर दी। मृतक की मां की शिकायत पर सोहना सदर थाना पुलिस ने आरोपी पति, उसकी प्रेमिका, ससुर और खरौदा गांव निवासी अन्य युवक के खिलाफ साजिश के तहत हत्या करने का मामला दर्ज कर लिया है। उप निरीक्षक सतेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बंधवाड़ी गांव निवासी मीनाक्षी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 फरवरी 2017 को उसकी शादी खरौदा गांव निवासी प्रेमसिंह उर्फ उधमसहिं पुत्र रूपराम के साथ हुई थी। शादी के दो साल बाद उन्हें एक बेटा हुआ था। उसके बाद उसे पता चला कि प्रेमसिंह का पलवल निवासी युवती से प्रेम संबंध है। इस बात पर दोनों के बीच कई बार कहासुनी भी हुई थी।
20 नवंबर 2019 को प्रेमसिंह अपने बेटे को गाड़ी से घुमाने के बहाने घर से बाहर ले गया। थोड़ी देर बाद वह वापस आया व बेटे परम को चारपाई पर लेटाकर चला गया। उस वक्त उसकी पत्नी काम कर रही थी। महिला ने जब अपने बेटे को बेसुध हालत में देखा तो उसे अपनी दादी सास व दादा ससुर के साथ नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची। जहां डॉक्टरों ने बच्चे की हालत गंभीर देखकर दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया लेकिन वे बच्चे को निजी अस्पताल में ले गए। उप निरीक्षक सतेंद्र सिंह ने बताया कि डॉक्टरों की रिपोर्ट के आधार पर स्पष्ट हुआ है कि बच्चे की गला दबाकर हत्या की गई है। पुलिस ने प्राथमिक छानबीन में आई रिपोर्ट के आधार पर आरोपी पति समेत अन्य के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।
महिला का आरोप है कि इससे पहले 9 नवंबर 2019 को भी आरोपी पति ने अपने बुआ के लड़के साथ बेटे को मकान की छत पर खिलाने के बहाने ले गया था, जब वह वापस आया तो बेटे के मुंह से झाग निकल रहा थे। महिला ने अपने परिजनों के साथ अस्पताल में दिखाया जहां उसका उपचार कराया गया। घटना के बाद महिला ने सारी कहानी अपने मायके वालों को बताई तो आरोपी पति ने उसे जान से मारने की धमकी दी। 20 जनवरी 2020 को महिला ने अपने पति उसकी प्रेमिका समेत अन्य लोगों के खिलाफ बेटे की हत्या की शिकायत सोहना सदर थाना पुलिस को दी थी। पुलिस ने जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।